सुख-दु:ख और भगवत्कृपा!!!!!!!!
- Get link
- X
- Other Apps
सुख-दु:ख और भगवत्कृपा!!!!!!!!
दु:ख के समय का कोई साथी नहीं होता बल्कि लोग तरह-तरह की बातें बनाकर दु:ख को और बढ़ा देते हैं । ऐसी स्थिति में यह याद रखें कि निन्दा करने वाले तो बिना पैसे के धोबी हैं, हमारे अन्दर जरा भी मैल नहीं रहने देना चाहते । ढूंढ़कर हमारे जीवन के एक-एक दाग को साफ करना चाहते हैं । वे तो हमारे बड़े उपकारी हैं जो हमारे पाप का हिस्सा लेने को तैयार हैं ।
जग में सुख-दुख, लाभ-हानि, चिरजीवन-मृत्यु, मान-अपमान ।
सभी तुम्हारे खेल, सभी में भरे तुम्हीं, मेरे भगवान ।। (भाई हनुमानप्रसादजी पोद्दार)
दु:ख के रूप में भगवान ही आते हैं
जब तक मनुष्य को सफलता, धन, कीर्ति, परिवार व समाज में मान-सम्मान मिलता है; तब तक वह भगवान की ओर ताकता तक नहीं है । मनुष्य का संसार से अपनत्व व मोह-ममता को मिटाने के लिए भगवान कृपा करके ऐसी स्थिति उत्पन्न कर देते हैं जिससे उसे इन सबसे मुक्ति मिल जाए । अपनी स्नेहपूरित गोद में लेने के लिए ही भगवान उसे जगत से निराश करते हैं । इसलिए निन्दा, दीनता, दु:ख, अभाव, बदनामी, तिरस्कार और अपमान की स्थिति में मनुष्य को भगवान की कृपा का ही अनुभव करना चाहिए ।
रोग-शोक, धन-हानि, दु:ख, अपमान घोर, अति दारुण क्लेश ।
सबमें तुम, सब ही है तुममें, अथवा सब तुम्हारे ही वेश ।। (भाई हनुमानप्रसादजी पोद्दार)
राजा बलि भगवान के भक्त थे । बलि ने जब देवताओं को भी जीत लिया तो उन्हें विजय रूपी अहंकार से बचाने के लिए भगवान ने उन पर कृपा की । भगवान ने उनका राज्य व ऐश्वर्य हर लिया ताकि राजा बलि भगवान की ओर लग जाएं । राजा बलि ने स्वयं यह स्वीकार किया कि भगवान ने उन पर बड़ी कृपा की है; क्योंकि भगवान राजा बलि के दरवाजे पर हर समय पहरेदार बन कर खड़े हैं ।
श्रीमद्भागवत (८।२२) में राजा बलि के पितामह (दादा) प्रह्लाद जी ने भगवान की स्तुति करते हुए कहा—
‘भगवन् । आपने बलि का ऐश्वर्य और इंद्रत्व छीनकर उस पर बड़ी कृपा की है । लक्ष्मी के मद में बड़े-बड़े मोहित हो जाते हैं, आपकी कृपा से आज वह आत्मा को मोहित करने वाली राज्यश्री से अलग हो गया है ।’
दु:ख में भगवान की कृपा का अनुभव कैसे करें ?
संसार का यह नियम ही है कि लोग सफलता के साथ चलते हैं और असफलता की गंध लगते ही धीरे-धीरे सरक जाते हैं; फिर ढूंढ़ने पर भी उनका पता नहीं मिलता । उस समय मनुष्य को केवल भगवान ही दीखते हैं ।
श्रीमद्भागवत के एकादश स्कन्ध में अवधूत ने चील से यही शिक्षा ली—
जहां तक चील की चोंच में मांस का टुकड़ा है, वहीं तक कौए-चील उसके पीछे-पीछे उड़ते हैं । जहां चील की चोंच से मांस का टुकड़ा गिरा कि सब उससे दूर भाग जाते हैं ।
इसी तरह जीवन में मान नहीं रहे, धन नहीं रहे, यश, स्वास्थ्य, मकान, नौकर-चाकर न रहें, खाने को न रहे तो फिर कौन पास आयेगा ? लेकिन बुद्धिमान वही है जो यह सोचे कि भगवान ने थोड़ी सी कृपा कर दी जो मुझे जगत के सारे प्रलोभनों से दूर कर दिया । अब तो समय-ही-समय है, अब अपना जीवन भगवान में ही लगाएंगे ।
दु:ख को कम करने के लिए करें ये उपाय!!!!!!!
▪️ हर समय ‘हरि शरणम्’ का जाप करने से मन को बहुत शान्ति मिलती है और दु:ख का आभास नहीं होता है ।
▪️ यदि चित्त बहुत घबराए तो श्रीमद्भागवत के आठवें स्कन्ध के तीसरे अध्याय (गजेन्द्र मोक्ष) का पाठ नित्य आर्त भाव से करें ।
▪️भगवान में चित्त लगाकर गीता के (१८।५८) की इस पंक्ति को बार-बार दोहराएं—‘मच्चित: सर्वदुर्गाणि मत्प्रसादात्तरिष्यसि’ अर्थात्—‘मुझमें चित्त लगाने पर तू मेरी कृपा से सारे संकटों से पार हो जाएगा।’ भगवान के इन वचनों पर विश्वास करने से विपत्ति नाश होते देर नहीं लगेगी।
▪️ सभी प्राणी ईश्वर का अंश हैं । अत: विषाद करके भगवान का अपमान नहीं करना चाहिए । सावन-भादों में काले-काले बादलों की बड़ी घनघोर घटा आती है, फिर थोड़ी ही देर में आकाश साफ हो जाता है । इसी तरह विपत्ति के बादल भी हट जाएंगे । अत: मन में यही पंक्तियां दोहराते रहें—
दो दर्शन चाहे जैसा भी दु:ख-वेष धारण कर, नाथ ।
जहां दु:ख वहां देख तुम्हें, मैं पकडूंगा जोरों के साथ ।। (भाई हनुमानप्रसादजी पोद्दार)
▪️ विपत्ति से डरने से विपत्ति का दु:ख बढ़ता है । मन निराशा में डूब जाता है । भगवान का भेजा हुआ जैसा भी समय आए, सिर चढ़ाकर भगवान को याद करते हुए हिम्मत तथा संतोष के साथ उसे निभाना चाहिए । विपत्ति में घबराने से विपत्ति बढ़ती है । विपत्ति की परवाह न करके भगवान की कृपा के भरोसे परिश्रम करने से विपत्ति नष्ट हो जाती है । भविष्य को निराशामय देखना तो भगवान पर अविश्वास करना है । इसलिए बहुत प्रसन्न रहना चाहिए और भगवान की कृपा पर विश्वास रखना चाहिए ।
अपने भले-बुरे का पूरा दे दो प्रभु को ही अधिकार ।
जीवन में होने दो सब स्वच्छन्द उन्हीं के मन-अनुसार ।। (भाई हनुमानप्रसादजी पोद्दार)
▪️ सदैव यह अनुभव करें कि भगवान मेरे आस-पास ही हैं, दु:ख की इस घड़ी में उन्होंने मुझे अपनी गोद में उठा रखा है—
संकट की प्रत्येक घड़ी में रहते हैं वे मेरे पास ।
हर लेते संकट तत्क्षण ही, जैसे रवि करता तम नाश ।। (भाई हनुमानप्रसादजी पोद्दार)
▪️ दु:ख के समय का कोई साथी नहीं होता बल्कि लोग तरह-तरह की बातें बनाकर दु:ख को और बढ़ा देते हैं । ऐसी स्थिति में यह याद रखें कि निन्दा करने वाले तो बिना पैसे के धोबी हैं, हमारे अन्दर जरा भी मैल नहीं रहने देना चाहते । ढूंढ़कर हमारे जीवन के एक-एक दाग को साफ करना चाहते हैं । वे तो हमारे बड़े उपकारी हैं जो हमारे पाप का हिस्सा लेने को तैयार हैं ।
अंत में सबसे श्रेष्ठ उपाय भाई हनुमानप्रसादजी पोद्दार के शब्दों में—
रहो सदा प्रभु के शरणागत, प्रभु के लिये करो सब काम।
रहो अचल सत्पथ पर, ले के रहो सदा श्रीहरि का नाम।।
प्रभु-आश्रय के साथ रहेगा जहां नित्य सत्कर्मोत्साह ।
विजय, विभूति, कीर्ति, श्री, निश्चित नीति रहेंगी वहां अथाह ।।
Comments
Post a Comment